छिंदवाड़ा: बाइक के पीछे एक स्वच्छता पेटी और गांव-गांव घूम कर लाखों रुपए कमाने वाले छिंदवाड़ा के युवाओं की स्कीम के बारे में जब जिला प्रशासन ने भारत सरकार को बताया तो इस स्कीम को पूरे देश में लागू करने की घोषणा कर दी गई. इसके एवज में पहली बार जिला स्तर पर किसी शहर को फिक्की (फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) के द्वारा सम्मानित किया गया है. आईए जानते हैं क्या है यह अनोखी स्कीम, जो अब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है.
स्वच्छता के क्षेत्र में छिंदवाड़ा जिले ने इतिहास रच दिया है. जिला पंचायत छिंदवाड़ा को अपने इनोवेशन वॉश ऑन व्हील्स के लिए देश का सबसे प्रतिष्ठित इंडिया सैनिटेशन कोएलिशन फिक्की राष्ट्रीय पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया है. यह सम्मान सतत रखरखाव एवं सामुदायिक प्रबंधन श्रेणी में मिला, जिसने पूरे देश में जिले का नाम रोशन कर दिया है. दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में यह पुरस्कार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार ने प्राप्त किया है.