छिंदवाड़ा की स्कीम से चकाचक होंगे देश भर के सरकारी टॉयलेट, सीक्रेट जानने पहुंची FICCI

छिन्दवाड़ा: गांव के सरकारी अस्पताल स्कूल और पंचायत की बिल्डिंगों में टॉयलेट बाथरूम बनकर तैयार तो हो जाते थे लेकिन सफाई नहीं होने की वजह से कुछ दिनों में ही यह गंदगियों में तब्दील हो जाते थे, जिसके चलते इन्हें कोई उपयोग नहीं कर पता था और ये खंडहर में तब्दील हो जाते थे. लेकिन छिंदवाड़ा जिला प्रशासन ने एक ऐसा प्रैक्टिकल किया है, जिसे पूरे देश में लागू करने के लिए सरकार काम कर रही है.

छिंदवाड़ा की स्कीम देखनी दिल्ली से पहुंची FICCI की टीम

स्वच्छता के क्षेत्र में जिले ने इतिहास रच दिया है. जिला पंचायत छिंदवाड़ा को अपने यूनिक वॉश ऑन व्हील्स प्रोग्राम के लिए देश का सबसे प्रतिष्ठित इंडिया सेनीटेशन कोएलिशन फिक्की राष्ट्रीय पुरस्कार 2025 मिला है. दिल्ली से फिक्की यानी फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉर्मर्स एंड इंडस्ट्री की दो सदस्यीय टीम छिंदवाड़ा पहुंची. यहां टेम ने हर्रई, अमरवाड़ा, जुन्नारदेव, परासिया के ग्रामीण अंचलों में इसे लागू करने के बाद क्या बदलाव आया इसे करीब से जाना.

इस दौरान FICCI की टीम ने ग्रामीणों और वॉश ऑन व्हील को संचालित करने वाले स्वच्छता दूतों से भी चर्चा की. इंडिया सेनीटेशन कोएलिशन फिक्की दिल्ली से सीईओ नताशा पटेल और सीनियर वॉश स्पेशलिस्ट हुसैन रंगबाला भी यहां पहुंचे हैं.